राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा 12 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित करवाई जाएगी।

PSC 2nd Grade Model Paper 2026
आरपीएससी वरिष्ठ अध्यापक (2nd Grade) भर्ती परीक्षा के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा विभाग में पहले कुल 6,500 रिक्त पदों को भरा जाना निर्धारित था। हाल ही में इसमें 4,037 पदों की वृद्धि की गई है जिससे अब कुल पदों की संख्या बढ़कर 10,537 हो गई है।
RPSC 2nd Grade Model Paper-1
Q1: राजस्थान के भौतिक प्रदेशों के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:
1. अरावली पर्वतमाला विश्व की प्राचीनतम वलित पर्वतमालाओं में से एक है, जो प्री-कैम्ब्रियन काल की है।
2. पश्चिमी रेतीला मैदान मुख्य रूप से टेथिस सागर का अवशेष माना जाता है।
3. हाड़ौती का पठार मालवा के पठार का ही एक विस्तारित हिस्सा है।
कूट का प्रयोग कर सही विकल्प चुनिए:
(A) केवल 1 और 2
(B) केवल 2 और 3
(C) केवल 1 और 3
(D) 1, 2 और 3
उत्तर: (D) 1, 2 और 3
Explanation: तीनों कथन भौगोलिक दृष्टि से बिल्कुल सही हैं। अरावली का निर्माण प्री-कैम्ब्रियन युग में हुआ था। पश्चिमी मरुस्थल में खारे पानी की झीलें और जीवाश्म इसके टेथिस सागर के अवशेष होने का प्रमाण हैं। दक्षिण-पूर्वी पठार (हाड़ौती) मालवा पठार का हिस्सा है।
Q2. किस संविधान संशोधन अधिनियम द्वारा राजस्थान में राजप्रमुख के पद को समाप्त कर दिया गया था?
(A) पाँचवें संविधान संशोधन अधिनियम
(B) छठे संविधान संशोधन अधिनियम
(C) सातवें संविधान संशोधन अधिनियम
(D) आठवें संविधान संशोधन अधिनियम
उत्तर: (C) सातवें संविधान संशोधन अधिनियम
Explanation: वर्ष 1956 में पारित किए गए 7वें संविधान संशोधन अधिनियम द्वारा राज्यों की श्रेणियों (A, B, C) के भेदभाव को खत्म कर दिया गया। इसके तहत राजस्थान से राजप्रमुख के पद को पूरी तरह समाप्त कर ‘राज्यपाल’ (Governor) का नया पद सृजित किया गया, और श्री गुरुमुख निहाल सिंह राज्य के पहले राज्यपाल बने।
Q3: 1857 की क्रांति के समय राजस्थान में ब्रिटिश शासन के विरुद्ध कोटा में हुए विद्रोह का नेतृत्व किसने किया था?
(A) ठाकुर कुशाल सिंह
(B) लाला जयदयाल और मेहराब खान
(C) अर्जुन लाल सेठी
(D) राव गोपाल सिंह
उत्तर: (B) लाला जयदयाल और मेहराब खान
Explanation: कोटा में 15 अक्टूबर 1857 को एक सुनियोजित विद्रोह हुआ था, जिसका नेतृत्व वकील लाला जयदयाल और रिसालदार मेहराब खान ने किया था। यहाँ विद्रोहियों ने पॉलिटिकल एजेंट मेजर बर्टन का सिर काट दिया था।
Q4. निम्न में से कौन सा दुर्ग कुंभा द्वारा निर्मित नहीं है?
(A) कुम्भलगढ़
(B) बसंती दुर्ग
(C) मचान दुर्ग
(D) गागरोण दुर्ग
उत्तर: (D) गागरोण दुर्ग
Explanation: महाराणा कुंभा ने मेवाड़ के 84 में से 32 दुर्गों का निर्माण करवाया था, जिनमें कुंभलगढ़, अचलगढ़, मचान, भौमठ और बसंतगढ़ प्रमुख हैं।
Q5: सुमेलित कीजिए (राजस्थान के संप्रदाय एवं उनकी मुख्य पीठ):
1. दादू पंथ — a. कतरियासर (बीकानेर)
2. जसनाथी संप्रदाय — b. शाहपुरा (भीलवाड़ा)
3. रामस्नेही संप्रदाय — c. नरेना (जयपुर)
4. बिश्नोई संप्रदाय — d. मुकाम (नोखा)
सही कूट चुनिए:
(A) 1-c, 2-a, 3-b, 4-d
(B) 1-a, 2-c, 3-d, 4-b
(C) 1-c, 2-b, 3-a, 4-d
(D) 1-b, 2-a, 3-d, 4-c
उत्तर: (A) 1-c, 2-a, 3-b, 4-d
Explanation: दादू दयाल जी की मुख्य पीठ नरेना में है। जसनाथी संप्रदाय (जो अग्नि नृत्य के लिए प्रसिद्ध हैं) की पीठ कतरियासर में है। रामस्नेही संप्रदाय की मुख्य पीठ शाहपुरा में है और बिश्नोई संप्रदाय के प्रवर्तक जाम्भोजी का मुख्य स्थल मुकाम (तालवा) है।
Q6: प्रसिद्ध ‘गीदड़ नृत्य’ राजस्थान के किस क्षेत्र का मुख्य लोक नृत्य है?
(A) वागड़ क्षेत्र
(B) मेवात क्षेत्र
(C) शेखावाटी क्षेत्र
(D) मारवाड़ क्षेत्र
उत्तर: (C) शेखावाटी क्षेत्र
Explanation: गीदड़ नृत्य शेखावाटी क्षेत्र (सीकर, झुंझुनूं, चूरू) का एक अत्यंत लोकप्रिय पुरुष-प्रधान लोक नृत्य है, जो मुख्य रूप से होली के अवसर पर डंडा रोपण से लेकर होली दहन तक किया जाता है।
Q7: “थेवा कला”, जिसमें कांच पर सोने की बारीक नक्काशी की जाती है, राजस्थान के किस जिले की विश्व प्रसिद्ध हस्तकला है?
(A) बाड़मेर
(B) प्रतापगढ़
(C) राजसमंद
(D) जयपुर
उत्तर: (B) प्रतापगढ़
Explanation: थेवा कला प्रतापगढ़ के राजसोनी परिवार की पुश्तैनी कला है। इसमें हरे रंग के बेल्जियम कांच पर सोने की महीन नक्काशी (तारकशी) का काम किया जाता है।
Q8: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति किसके द्वारा की जाती है और उन्हें पद से कौन हटा सकता है?
(A) नियुक्ति राज्यपाल द्वारा; हटाना भी राज्यपाल द्वारा
(B) नियुक्ति राष्ट्रपति द्वारा; हटाना राज्यपाल द्वारा
(C) नियुक्ति राज्यपाल द्वारा; हटाना राष्ट्रपति द्वारा
(D) नियुक्ति मुख्यमंत्री द्वारा; हटाना उच्च न्यायालय द्वारा
उत्तर: (C) नियुक्ति राज्यपाल द्वारा; हटाना राष्ट्रपति द्वारा
Explanation: भारतीय संविधान के अनुच्छेद 316 के तहत RPSC के अध्यक्ष व सदस्यों की नियुक्ति राज्य के राज्यपाल करते हैं, लेकिन अनुच्छेद 317 के तहत उन्हें पद से हटाने की शक्ति केवल भारत के राष्ट्रपति के पास (सर्वोच्च न्यायालय की जांच रिपोर्ट के बाद) होती है।
Q9: साधु सीताराम दास का संबंध राजस्थान के किस प्रसिद्ध किसान आंदोलन से मुख्य रूप से रहा है?
(A) बेंगू किसान आंदोलन
(B) अलवर किसान आंदोलन
(C) बिजोलिया किसान आंदोलन
(D) बूंदी किसान आंदोलन
उत्तर: (C) बिजोलिया किसान आंदोलन
Explanation: बिजोलिया किसान आंदोलन (1897-1941) भारत का सबसे लंबा अहिंसक आंदोलन था। इसके प्रथम चरण (1897-1915) का नेतृत्व साधु सीताराम दास ने किया था। बाद में 1916 में उन्होंने विजय सिंह पथिक को इस आंदोलन से जोड़ा।
Q10: राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 के तहत ग्राम पंचायत के प्रशासन का प्रमुख (प्रशासनिक अधिकारी) कौन होता है?
(A) सरपंच
(B) ग्राम विकास अधिकारी (VDO)
(C) प्रधान
(D) विकास अधिकारी (BDO)
उत्तर: (B) Gram Vikas Adhikari (ग्राम विकास अधिकारी – VDO)
Explanation: ग्राम पंचायत स्तर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधि ‘सरपंच’ होता है, जबकि सरकार द्वारा नियुक्त प्रशासनिक व वित्तीय कार्यों का प्रभारी ‘ग्राम विकास अधिकारी’ (जिसे पहले ग्राम सेवक कहा जाता था) होता है।
Q11: मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के संबंध में 91वें संविधान संशोधन अधिनियम, 2003 के अनुसार राजस्थान में मंत्रियों की अधिकतम संख्या कितनी हो सकती है?
(A) विधान सभा सदस्यों की कुल संख्या का 10%
(B) विधान सभा सदस्यों की कुल संख्या का 15% (अधिकतम 30 मंत्री)
(C) अधिकतम 12 मंत्री
(D) बिना किसी सीमा के मुख्यमंत्री की इच्छा पर निर्भर
उत्तर: (B) विधान सभा सदस्यों की कुल संख्या का 15% (अधिकतम 30 मंत्री)
Explanation: 91वें संविधान संशोधन के अनुसार, किसी राज्य में मंत्रियों की कुल संख्या (मुख्यमंत्री सहित) विधानसभा की कुल सीटों के 15% से अधिक नहीं हो सकती। राजस्थान विधानसभा में 200 सीटें हैं, इसलिए 200 का 15% = 30 (29 मंत्री + 1 मुख्यमंत्री) अधिकतम सीमा है। न्यूनतम सीमा मुख्यमंत्री सहित 12 है।
Q12: चम्बल नदी राजस्थान के किस जिले से प्रवेश करती है और इस पर राज्य में स्थित सबसे बड़ा बांध कौन सा है?
(A) खमनोर की पहाड़ियों से; बजाज सागर बांध
(B) चौरासीगढ़ (चित्तौड़गढ़); राणा प्रताप सागर बांध
(C) खांदू (बांसवाड़ा); माही बांध
(D) गोगुंदा; जवाहर सागर बांध
उत्तर: (B) चौरासीगढ़ (चित्तौड़गढ़); राणा प्रताप सागर बांध
Explanation: चम्बल नदी मध्य प्रदेश के जानापाव की पहाड़ियों से निकलकर राजस्थान में चित्तौड़गढ़ के चौरासीगढ़ के पास से प्रवेश करती है। चित्तौड़गढ़ में ही इस पर ‘राणा प्रताप सागर बांध’ स्थित है, जो भराव क्षमता की दृष्टि से राजस्थान का सबसे बड़ा बांध है।
Q13: वैश्विक पवन प्रणाली के अंतर्गत ‘गर्जता चालीसा’ और ‘प्रचंड पचासा’ पवनें किस गोलार्ध में और किन अक्षांशों के बीच चलती हैं?
(A) उत्तरी गोलार्ध में व्यापारिक पवनें
(B) दक्षिणी गोलार्ध में पछुआ (Westerly) पवनें
(C) ध्रुवीय क्षेत्रों में चलने वाली ठंडी पवनें
(D) भूमध्य रेखा पर चलने वाली शांत पवनें
उत्तर: (B) दक्षिणी गोलार्ध में पछुआ (Westerly) पवनें
Explanation: दक्षिणी गोलार्ध में विशाल महासागरों की उपस्थिति के कारण धरातलीय अवरोध नहीं होते, जिससे पछुआ पवनें बहुत तीव्र वेग से चलती हैं। इन्हें 40° दक्षिण अक्षांश पर ‘गर्जता चालीसा’ और 50° दक्षिण पर ‘प्रचंड पचासा’ कहा जाता है।
Q14: भारत के भौतिक स्वरूप के संदर्भ में, ‘प्रायद्वीपीय पठार’ की सबसे ऊँची चोटी कौन सी है और यह किस पहाड़ी पर स्थित है?
(A) गुरुशिखर (अरावली)
(B) दोदाबेटा (नीलगिरि)
(C) अनाइमुडी (अन्नामलाई पहाड़ियाँ)
(D) महेंद्रगिरि (पूर्वी घाट)
उत्तर: (C) अनाइमुडी (अन्नामलाई पहाड़ियाँ)
Explanation: दक्षिण भारत या प्रायद्वीपीय भारत की सबसे ऊँची चोटी ‘अनाइमुडी’ (2,695 मीटर) है, जो केरल में अन्नामलाई पहाड़ियों पर स्थित है। नीलगिरि की सबसे ऊँची चोटी दोदाबेटा है।
Q15: भारत सरकार अधिनियम, 1919 की मुख्य विशेषता निम्नलिखित में से क्या थी?
(A) केंद्र में द्वैध शासन लागू करना
(B) प्रांतों में द्वैध शासन की शुरुआत
(C) भारत के लिए एक संघीय न्यायालय की स्थापना
(D) प्रांतीय स्वायत्तता
उत्तर: (B) प्रांतों में द्वैध शासन (Diarchy) की शुरुआत
Explanation: 1919 के अधिनियम द्वारा प्रांतों में द्वैध शासन प्रणाली लागू की गई, जिसके तहत विषयों को ‘आरक्षित’ (Reserved) और ‘हस्तांतरित’ (Transferred) भागों में बांटा गया। जबकि 1935 के अधिनियम द्वारा प्रांतों से द्वैध शासन हटाकर केंद्र में लागू किया गया था।
Q16: भारतीय संविधान के किस भाग में और किन अनुच्छेदों के तहत ‘राज्य के नीति निदेशक तत्वों’ (DPSP) का उल्लेख किया गया है?
(A) भाग III, अनुच्छेद 12 से 35
(B) भाग IV, अनुच्छेद 36 से 51
(C) भाग IV (A), अनुच्छेद 51 (A)
(D) भाग V, अनुच्छेद 52 से 61
उत्तर: (B) भाग IV, अनुच्छेद 36 से 51
Explanation: भारतीय संविधान के भाग IV में अनुच्छेद 36 से 51 तक नीति निदेशक तत्वों का वर्णन है, जिन्हें आयरलैंड के संविधान से लिया गया है। ये तत्व राज्य के लिए कल्याणकारी नीतियां बनाने के मार्गदर्शक सिद्धांत हैं।
Q17: वैश्वीकरण (Globalization) के संदर्भ में विकासशील देशों पर इसके प्रभाव के बारे में कौन सा कथन असत्य है?
(A) बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) के आगमन से रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
(B) उपभोक्ताओं को कम कीमत पर बेहतर गुणवत्ता वाली वस्तुओं के विकल्प मिले हैं।
(C) इससे घरेलू लघु और कुटीर उद्योगों को हमेशा अत्यधिक लाभ और सुरक्षा मिली है।
(D) तकनीकी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में तेजी आई है।
उत्तर: (C) इससे घरेलू लघु और कुटीर उद्योगों को हमेशा अत्यधिक लाभ और सुरक्षा मिली है।
Explanation: वैश्वीकरण के कारण बहुराष्ट्रीय कंपनियों से मिलने वाली कड़ी प्रतिस्पर्धा की वजह से कई बार विकासशील देशों के स्थानीय, छोटे और कुटीर उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है, न कि उन्हें सुरक्षा मिलती है।
Q18. तिलवाड़ा का मेला निम्नलिखित किस लोक देवता की स्मृति में भरता है?
(A) संत मावजी
(B) मल्लीनाथजी
(C) देवनारायणजी
(D) वीर फत्ताजी
उत्तर: (B) मल्लीनाथजी
Explanation: बाड़मेर के तिलवाड़ा में लूणी नदी के किनारे सुप्रसिद्ध मल्लीनाथ पशु मेला आयोजित किया जाता है। यह मेला चैत्र कृष्ण एकादशी से चैत्र शुक्ल एकादशी तक चलता है और यह राजस्थान के सबसे प्राचीन पशु मेलों में से एक माना जाता है।
Q19. कलाकार निहालचंद चित्रकला के किस स्कूल से सम्बन्धित है?
(A) किशनगढ़ स्कूल
(B) ढूंढाड़ स्कूल
(C) मेवाड़ स्कूल
(D) हाड़ौती स्कूल
उत्तर: (A) किशनगढ़ स्कूल
Explanation: सुप्रसिद्ध चित्रकार निहालचंद मारवाड़ स्कूल की किशनगढ़ चित्रशैली से जुड़े थे। उन्होंने राजा सावंत सिंह (नागरीदास) के शासनकाल में प्रसिद्ध ‘बणी-ठणी’ चित्र का निर्माण किया था, जिसे भारत की ‘मोनालिसा’ कहा जाता है।
Q20: भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. बी.आर. अम्बेडकर संविधान सभा की किस सबसे महत्वपूर्ण समिति के अध्यक्ष थे?
(A) संघ शक्ति समिति
(B) प्रांतीय संविधान समिति
(C) प्रारूप समिति
(D) मूल अधिकार उप-समिति
उत्तर: (C) प्रारूप समिति
Explanation: डॉ. भीमराव अम्बेडकर 29 अगस्त 1947 को गठित 7-सदस्यीय ‘प्रारूप समिति’ के अध्यक्ष थे। इस समिति का कार्य संविधान का अंतिम मसौदा (ड्राफ्ट) तैयार करना था।
Q21: एक शिक्षक के लिए ‘शिक्षा मनोविज्ञान’ का अध्ययन क्यों आवश्यक है?
(A) ताकि वह अपनी प्रशासनिक शक्तियों को बढ़ा सके।
(B) स्वयं को समझकर छात्रों को केवल अनुशासित रख सके।
(C) बालकों की व्यक्तिगत भिन्नताओं, रुचियों और मानसिक स्तर को समझकर प्रभावी शिक्षण कर सके।
(D) परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त करने के शॉर्टकट तरीके खोज सके।
उत्तर: (C) बालकों की व्यक्तिगत भिन्नताओं, रुचियों और मानसिक स्तर को समझकर प्रभावी शिक्षण कर सके।
Explanation: शिक्षा मनोविज्ञान शिक्षक को कक्षा कक्ष की विभिन्न परिस्थितियों में शिक्षार्थी के व्यवहार, उसकी क्षमता, व्यक्तिगत अंतर और अधिगम की समस्याओं को समझने में वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रदान करता है।
Q22: जीन पियाजे के संज्ञानात्मक विकास के सिद्धांत के अनुसार, किस अवस्था में बच्चा ‘वस्तु स्थायित्व’ का गुण प्रदर्शित करने लगता है?
(A) संवेदी-पेशीय अवस्था
(B) पूर्व-संक्रियात्मक अवस्था
(C) मूर्त-संक्रियात्मक अवस्था
(D) औपचारिक-संक्रियात्मक अवस्था
उत्तर: (A) संवेदी-पेशीय अवस्था
Explanation: पियाजे के अनुसार, जन्म से 2 वर्ष की ‘संवेदी-पेशीय अवस्था’ के अंतिम महीनों (लगभग 18 से 24 महीने) में शिशु यह समझने लगता है कि वस्तुएं सामने न होने पर भी उनका अस्तित्व बना रहता है। इसे ही ‘वस्तु स्थायित्व’ कहते हैं।
Q23: थॉर्नडाइक द्वारा प्रतिपादित अधिगम के मुख्य नियमों में निम्नलिखित में से कौन सा नियम शामिल नहीं है?
(A) तत्परता का नियम
(B) अभ्यास का नियम
(C) प्रभाव का नियम
(D) बहु-अनुक्रिया का नियम
उत्तर: (D) बहु-अनुक्रिया का नियम
Explanation: थॉर्नडाइक ने अधिगम के 3 ‘मुख्य नियम’ दिए थे: तत्परता, अभ्यास और प्रभाव का नियम। ‘बहु-अनुक्रिया का नियम’ उनके द्वारा दिए गए 5 ‘गौण (Secondary) नियमों’ के अंतर्गत आता है।
Q24: व्यक्तित्व मापन की ‘प्रक्षेप विधि’ का उदाहरण कौन सा है?
(A) प्रश्नावली विधि
(B) प्रासंगिक अन्तर्बोध परीक्षण
(C) साक्षात्कार विधि
(D) निरीक्षण विधि
उत्तर: (B) प्रासंगिक अन्तर्बोध परीक्षण
Explanation: TAT, रोर्शा स्याही धब्बा परीक्षण (IBT), और बाल अन्तर्बोध परीक्षण (CAT) प्रक्षेप विधियाँ हैं, जो व्यक्ति के अचेतन मन (Unconscious Mind) का मापन करती हैं। शेष तीनों विधियाँ गैर-प्रक्षेपी (आत्मनिष्ठ/वस्तुनिष्ठ) श्रेणी की हैं।
Q25: संवेगात्मक बुद्धि को लोकप्रिय बनाने का श्रेय किसे जाता है और इसके अंतर्गत कौन सा तत्व शामिल है?
(A) अल्फ्रेड बिने; केवल तार्किक क्षमता
(B) डेनियल गोलमैन; आत्म-जागरूकता और समानुभूति (Empathy)
(C) हॉवर्ड गार्डनर; भाषाई योग्यता
(D) लुईस थरस्टन; प्राथमिक मानसिक क्षमताएं
उत्तर: (B) डेनियल गोलमैन; आत्म-जागरूकता और समानुभूति
Explanation: डेनियल गोलमैन ने 1995 में अपनी पुस्तक “Emotional Intelligence” के जरिए इसे लोकप्रिय बनाया। संवेगात्मक बुद्धि में स्वयं के और दूसरों के संवेगों को पहचानना, प्रबंधित करना, आत्म-अभिप्रेरणा और समानुभूति (Empathy) जैसे कौशल शामिल हैं।