राजस्थान समसामयिकी नवम्बर 2022: इस पोस्ट में राजस्थान राज्य से सम्बंधित प्रतियोगी परीक्षाओं में राजस्थान समसामयिकी से पूछे जाने वाले प्रश्नों को ध्यान में रखते हुए राजस्थान समसामयिकी एवं समाचार को सूचीबद्ध किया गया हैं ।
श्री उमेश मिश्रा
3 नवम्बर 2022 को श्री उमेश मिश्रा ने पुलिस महानिदेशक (पुलिस बल प्रमुख) का पदभार ग्रहण किया। 27 अक्टूबर को राज्य सरकार ने आदेश जारी कर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी उमेश मिश्रा को नए डीजीपी के रूप में नामित किया था।
- श्री एमएल लाठर की सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने इस पद पर उनका स्थान लिया है।
- श्री मिश्रा 1989 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी है।
- वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी उमेश मिश्रा राजस्थान के 35वें डीजीपी बने है।
‘विश्वास स्वरूपम्’ दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा
29 अक्टूबर से 6 नवंबर 2022 तक राजसमंद जिले के नाथद्वारा में विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम’ का उद्घाटन किया गया।
- इस मूर्ति की ऊंचाई 369 फीट है। इसमें श्रद्धालुओं के लिए लिफ्ट, सीढ़ियां, हॉल बनाया गया है। मूर्ति के अंदर सबसे ऊपर जाने के लिए 4 लिफ्ट और तीन सीढ़ियां हैं।
- इस महा महोत्सव में 9 दिनों तक धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
- 51 बीघा की पहाड़ी पर बनी मूर्ति में भगवान शिव ध्यान और अलाद की मुद्रा में विराजमान हैं, जो 20 किलोमीटर दूर से दिखाई देते हैं।
जयपुर में 19 नवंबर से आयोजित होगा विश्व सूफी संगीत समारोह ‘जहां-ए-खुसरो’
राजस्थान पर्यटन विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि विभाग द्वारा प्रदेश की संस्कृति और कला को बढ़ावा देने के लिये दो दिवसीय वार्षिक विश्व सूफी संगीत समारोह ‘जहाँ-ए-खुसरो’का आयोजन जयपुर के अल्बर्ट हॉल में 19 और 20 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।
- सचिव गायत्री राठौड़ ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस समारोह में सूफी संगीत की मधुर ध्वनियाँ गूंजेगी। साथ ही राजस्थान की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। ‘जहाँ-ए-खुसरो’एकता के रंग का प्रतीक है।
- उन्होंने बताया कि जयपुर को एक कल्चरल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस तरह के आयोजनों और प्रस्तुतियों से राजस्थान की कला और कलाकारों को बढ़ावा मिलता है। इस समारोह में राजस्थान की दंतकथा ‘मूमल’को एक स्टेज शो के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
- इस कार्यक्रम के दूसरे दिन 20 नवंबर को मुजफ्फर अली द्वारा निर्देशित ‘मूमल-रूह-ए-रेगिस्तान’ नामक बेले नृत्य शिवानी वर्मा और ग्रुप द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। समारोह का समापन नूरान सिस्टर्स द्वारा श्सदा-ए-सूफीश् प्रस्तुति से होगा।
- उल्लेखनीय है कि प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और चित्रकार मुजफ्फर अली और डिजाइनर मीरा अली द्वारा डिजाइन किये गए ‘जहाँ-ए-खुसरो’समारोह में जावेद अली, नूरां सिस्टर्स, जसलीन कौर, नियाजी जैसे प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे।
पर्सन विद डिसएबिजिटी “PWD APP 2.0”
दिव्यांगजनों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़़ने की दिशा में 4 नवम्बर को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पर्सन विद डिसएबिजिटी PWD APP 2.0 शुरू किया गया। जिससे लोकतंत्र के महापर्व- चुनावों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
नेशनल टैक्सेशन अवार्ड-2022
टैक्स इण्डिया ऑनलाईन द्वारा नेशनल टैक्सेशन अवार्ड-2022 की घोषणा करते हुये राज्य सरकार को कर प्रबंधन में सबसे अधिक सुधारवादी राज्य (Most Reformist State) एवं एसजीएसटी/वैट कैटेगरी (SGST/VAT Category) श्रेणियों में ‘गोल्ड अवार्ड‘ प्रदान किया गया।
- उड़ीसा राज्य को इस श्रेणी में रजत अवार्ड तथा हरियाणा, तमिलनाडु तथा बिहार को जूरी अवार्ड प्रदान किया गया।
- राजस्थान सरकार को स्टेट वैट श्रेणी में भी प्रथम स्थान आने पर गोल्ड़ अवार्ड प्रदान किया गया है।
- उड़ीसा राज्य को इस श्रेणी में रजत तथा उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र तथा छत्तीसगढ़ को जूरी अवार्ड प्रदान किया गया।
टैक्स इण्डिया ऑनलाईन
टैक्स इण्डिया ऑनलाईन की स्थापना वर्ष 2000 में की गई और ऑनलाईन मीडिया के रूप में यह प्रमुख स्टार्ट-अप कम्पनी के रूप में स्थापित है।
नेशनल टैक्सेशन पुरस्कारों की शुरूआत – टैक्स इण्डिया ऑनलाईन द्वारा वर्ष 2020 में नेशनल टैक्सेशन पुरस्कारों की शुरूआत की गई थी।
जूरी सदस्य – सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत जज, भारत सरकार के सेवानिवृत उच्च पदाधिकारी तथा केंद्रीय उत्पाद और सीमा शुल्क बोर्ड के सेवानिवृत सदस्य पुरस्कारों की जूरी में सदस्य के रूप में शामिल है।
पुरस्कारों की श्रेणियाँ – टैक्स इण्डिया ऑनलाईन नॉलेज फाउण्डेशन द्वारा यह अवार्ड कर प्रबंधन में सुधार करने वाले तथा कर दाताओं के योगदान को स्वीकार करने वाले राज्यों और कर कानूनों की पालना करने वाले कर दाताओं, प्रौद्योगिक सेवा प्रदाताओं, कर दाता हितैषी आयुक्तों एवं कर प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नीति निर्माताओं इत्यादि सहित नौ श्रेणियों में दिया जाता है।
जोधपुर में होगा राजस्थान इंटरनेशनल एक्सपो-2023 का आयोजन
1 नवंबर, 2022 को राजस्थान एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (राजस्थान निर्यात संवर्धन परिषद) की उद्योग भवन में आयोजित पाँचवी बैठक की अध्यक्षता करते हुए काउंसिल के चेयरमैन राजीव अरोड़ा ने बताया कि राज्य से निर्यात में बढ़ोतरी करने के लिये आगामी 11 से 13 मार्च, 2023 को जोधपुर में राजस्थान इंटरनेशनल एक्सपो-2023 का आयोजन किया जाएगा।
- राजीव अरोड़ा ने बताया कि इस अंतर्राष्ट्रीय एक्सपो में हस्तशिल्प से लेकर ज्वैलरी, सेरेमिक व अन्य उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
- अतिरिक्त मुख्य सचिव वीनू गुप्ता ने कहा कि जोधपुर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हैंडीक्रॉफ्ट एक्सपो का आयोजन मुख्यमंत्री बजट घोषणा का अहम हिस्सा है तथा इस एक्सपो को और व्यापक बनाने एवं कई अन्य उत्पादों को जोड़ने के लिये इसे राजस्थान इंटरनेशनल एक्सपो का नाम दिया जा रहा है।
- राज्य में निर्यात का प्रतिशत बढ़ाने व निर्यात सहित अन्य गतिविधियाँ संचालित करने के लिये ही काउंसिल का गठन किया गया है।
- आयुक्त महेंद्र पारख ने बताया कि निर्यात के मामले में राजस्थान देश में 12वें स्थान पर है और राज्य में निर्यात की खासी संभावनाएँ हैं। पिछले वर्षों में राज्य से होने वाले निर्यात के प्रतिशत में भी खासी बढ़ोतरी हुई है।
- उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एक्सपो होने से न केवल स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाज़ार मिलेगा, बल्कि उनकी पहचान भी बनेगी।
यह खबरभी पढ़ें: Rajasthan Current Affairs MCQ 2022
जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल
7 नवंबर, 2022 को राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड (रीको) के प्रबंध निदेशक शिवप्रसाद नकाते ने बताया कि राज्य में आयोजित होने वाले ‘इंडिया स्टोनमार्ट 2022’ में 11 और 12 नवंबर को ‘जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल’(जेएएफ) का आयोजन किया जाएगा। शिवप्रसाद नकाते ने बताया कि जेएएफ विशेषरूप से ‘आर्किटेक्चरल प्रैक्टिस और एजुकेशन एवं इंडिया के स्टोन ट्रेडिशन’पर केंद्रित रहेगा।
- ‘जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टिवल’ का उदेश्य आर्किटेक्चर के रचनात्मक क्षेत्र में नए विचारों के आदान-प्रदान, संवाद और नेटवर्किंग के लिये एक उपयुक्त मंच प्रदान करना है तथा जेएएफ में भविष्य के शहरों, पर्यावरण, आर्किटेक्चर के साथ-साथ समृद्ध स्टोन ट्रेडिशंस के अभ्यास और शिक्षा के बारे में कई तरह के विचारों पर ज़ोर दिया जाएगा।
- उन्होंने बताया कि ‘आर्किटेक्चर फेस्टिवल’का आयोजन सीडीओएस, रीको और फिक्की द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। वहीं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स (IIA) और राजस्थान चैप्टर नॉलेज पार्टनर हैं। इस फेस्टिवल में देशभर से और विदेशों के प्रख्यात आर्किटेक्ट्स भाग लेंगे तथा प्रतिभागियों में शिक्षण संकाय और महत्त्वपूर्ण आर्किटेक्चरल कॉलेजों एवं संस्थानों के छात्र भी शामिल होंगे।
- यह आयोजन नए विचारों और प्रतिभाओं के उद्भव के लिसे डिज़ाइन फ्रेटरनिटी के 300 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ प्रमुख आर्किटेक्ट्स के साथ सीखने और संवाद के अवसर प्रदान करेगा।
- इंडिया स्टोनमार्ट 22 का 11वाँ संस्करण 10 से 13 नवंबर तक जयपुर के सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र के जयपुर एग्जीबिशन और कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित किया जाएगा।
नवजीवन योजना
हाल ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने राज्य सरकार की ‘नवजीवन योजना’ के अंतर्गत अलवर ज़िले में महिलाओं हेतु कौशल प्रशिक्षण के प्रथम बैच का शुभारंभ किया।
- गौरतलब है कि साल 2009 में हथकढ़ शराब से जुड़े परिवारों के पुनर्वास के लिए ‘नवजीवन योजना’ शुरू की गई थी।
- इस योजना में 30 जातियों को शामिल किया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेला-2022
1 नवंबर 2022 को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेला-2022 का उद्घाटन किया।
- मुख्यमंत्री ने बताया कि पुष्कर धाम सभी वर्गों की आस्था का केंद्र है तथा यहाँ सभी जाति और धर्मों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं के लिये पुष्कर मेले में बृहद् स्तर पर उत्कृष्ट एवं भव्य व्यवस्थाएँ की गई हैं।
- इस अवसर पर उन्होंने अजमेर और पुष्कर में 110 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया है। इसमें स्मार्ट सिटी, अजमेर विकास प्राधिकरण एवं वन विभाग के तहत विभिन्न विकास कार्य और परियोजनाएँ शामिल थीं।
जयपुर मेट्रो के विस्तार के लिये 993.51 करोड़ रुपए स्वीकृत
21 नवंबर, 2022 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुरवासियों के लिये मेट्रो सुविधा को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में अहम निर्णय लेते हुए जयपुर मेट्रो के फेज 1-सी के निर्माण हेतु 51 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
- जयपुर मेट्रो का यह फेज बड़ी चौपड़ को ट्रांसपोर्ट नगर से जोड़ेगा, जिसकी कुल लंबाई 85 किमी. है। इसमें 2.26 किमी. भूमिगत एवं 0.59 किमी एलिवेटेड भाग रहेगा।
- प्रस्ताव के अनुसार, जयपुर मेट्रो के फेज 1-सी के निर्माण के बाद बड़ी चौपड़ से दिल्ली-आगरा हाइवे पर ट्रांसपोर्ट नगर तक मेट्रो का संचालन हो सकेगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। साथ ही आमजन को दिल्ली-आगरा हाइवे तक मेट्रो की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
- उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में जयपुर मेट्रो का विस्तार करते हुए फेज 1-सी एवं फेज 1-डी के निर्माण की घोषणा की गई थी। अक्टूबर, 2022 में जयपुर मेट्रो के फेज 1-डी के निर्माण के लिये 204.81 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। वर्तमान में जयपुर में मानसरोवर से बड़ी चौपड़ तक मेट्रो संचालित है।
भीलवाड़ा के शाहपुरा में केसरी सिंह बारहठ पेनोरमा का होगा निर्माण
- राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के भीलवाड़ा के शाहपुरा में स्वतंत्रता सेनानी केसरी सिंह बारहठ के पेनोरमा निर्माण के लिये 4 करोड़ रुपए के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है।
- अशोक गहलोत ने बताया कि केसरी सिंह बारहठ के पेनोरमा निर्माण के साथ-साथ मुख्य पेनोरमा भवन, चारदीवारी, पाथ-वे, सभागार, पुस्तकालय, ऑडियो-वीडियो सिस्टम, विभिन्न आर्ट वर्क, प्रवेश द्वार, स्टेच्यू एवं छतरी, शिलालेख सहित विभिन्न निर्माण कार्य भी होंगे।
- पेनोरमा से आमजन को वीर क्रांतिकारी केसरी सिंह बारहठ के कृतित्व एवं व्यक्तित्व की जानकारी मिलेगी। युवा पीढ़ी अपने अधिकारों के प्रति शिक्षित और जागृत होगी।
- इस पेनोरमा के लिये भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के बारहठ समाज, अमर शहीद कु. प्रतापसिंह बारहठ सेवा संस्थान और केसरी सिंह बारहठ स्मारक समिति आदि द्वारा मांग की गई थी। इन्हीं की भावनाओं के अनुसार मुख्यमंत्री ने यह स्वीकृति प्रदान की है।
- उल्लेखनीय है कि केसरीसिंह बारहठ ने राजस्थान में देश की स्वतंत्रता के लिये सर्वप्रथम क्रांति की बुझी हुई अग्नि को पुन: प्रज्वलित किया था। उन्होंने स्वामी दयानंद और महान क्रांतिकारी श्यामजी कृष्ण वर्मा, अरविंद एवं लोकमान्य तिलक से प्रेरित होकर सशस्त्र क्रांति के लिये प्रबल प्रयत्न करना शुरू किया था।
राजस्थान आवासन मंडल स्कॉच गोल्ड अवार्ड के लिये चयनित
23 नवंबर, 2022 को राजस्थान आवासन मंडल के आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि आवासन मंडल को नवाचारों एवं कायाकल्प के लिये हाउसिंग श्रेणी में एक बार फिर स्कॉच गोल्ड अवार्ड के लिये चयनित किया गया है।
- आवासन आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि विगत वर्षों में ‘बुधवार नीलामी उत्सव’, ई-बिड सबमिशन एवं ई-ऑक्शन जैसे नवाचारों के ज़रिये 16 हज़ार से अधिक अधिशेष संपत्तियों के निस्तारण, कोचिंग हब, विधायक आवास, मुख्यमंत्री जन आवास योजना, एआईएस एवं एसएस रेजीडेंसी, जयपुर चौपाटी जैसी परियोजनाओं तथा प्रशासनिक सुधार के लिये किये गए सफल प्रयासों के चलते राजस्थान आवासन मंडल ने नई पहचान कायम की है।
- आवासन आयुक्त ने बताया कि बीते करीब साढ़े तीन वर्षों में मंडल को इंडियन बिल्डिंग कॉन्ग्रेस, नेशनल रियल एस्टेट काउंसिल नई दिल्ली, स्कॉच ग्रुप जैसी संस्थाओं से कई पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
- वर्ष 2020 में ‘बुधवार नीलामी उत्सव’के तहत मात्र 12 दिन में 185 करोड़ रुपए मूल्य की 1213 संपत्तियों के विक्रय, वर्ष 2019 में मात्र 35 कार्यदिवसों में 1010 मकान बेचने तथा मानसरोवर एवं प्रताप नगर चौपाटी में नवंबर, 2021 से मार्च, 2022 के दौरान पहले 5 माह में 6 लाख 10 हज़ार 670 लोगों के प्रवेश (फुट-फॉल) को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने अंतर्राष्ट्रीय कीर्तिमान के रूप में मान्यता दी है।
- राजस्थान आवासन मंडल को लगातार दूसरे वर्ष यह सम्मान अर्जित करने का गौरव प्राप्त हुआ है। हाउसिंग कैटेगरी में वर्ष 2021 के स्कॉच गोल्ड अवार्ड के बाद स्कॉच गोल्ड अवार्ड-2022 इसी दिशा में एक और कड़ी है।
मुख्यमंत्री ने किया 19 राजकीय नर्सिंग महाविद्यालयों का शिलान्यास
22 नवंबर, 2022 को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पाली में राज्यस्तरीय कार्यक्रम में 19 राजकीय नर्सिंग महाविद्यालयों का शिलान्यास किया। साथ ही, पाली ज़िले में 350.50 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया।
- समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, कृषि, चिकित्सा, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। इसी क्रम में आज 19 राजकीय नर्सिंग महाविद्यालयों का शिलान्यास किया गया है। इनके निर्माण के पश्चात् महाविद्यालयों से निकलने वाले नर्सिंग विद्यार्थी प्रदेश में बेहतर सेवाएँ देंगे।
- मुख्यमंत्री ने बाड़मेर, बाँसवाड़ा, कुम्हेर (भरतपुर), भीलवाड़ा, लालसोट (दौसा), धौलपुर, डूँगरपुर, हनुमानगढ़, जालौर, झुंझुनूं, करौली, नागौर, नाथद्वारा (राजसमंद), प्रतापगढ़, सीकर, सिरोही एवं टोंक नर्सिंग महाविद्यालयों का वर्चुअल एवं पाली व चित्तौड़गढ़ में भूमि पूजन कर कुल 19 नर्सिंग महाविद्यालयों का शिलान्यास किया।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पाली-जोधपुर क्षेत्र को हमेशा महत्त्व दिया है। इन दोनों शहरों को ‘ट्विन सिटीज़’के रूप में विकसित करने का भी लंबे समय से प्रयास रहा है।
- पाली शहर में पेयजल समस्या का भी प्राथमिकता से समाधान किये जाने के प्रयास किये जा रहे हैं। राजीव गांधी लिफ्ट कैनाल का तीसरा चरण भी प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किया गया है, जिसका लाभ शीघ्र पाली ज़िले को भी मिलेगा।
- प्रदेश से गुज़रने वाले दिल्ली-मुंबई फ्रेट कॉरिडोर का बड़ा हिस्सा अलवर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा एवं पाली से गुज़रता है। पिछले कार्यकाल में मारवाड़ जंक्शन से रोहट होते हुए जोधपुर को भी इस परियोजना के साथ जोड़ा गया। इस क्षेत्र में अब बृहद् स्तर पर औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। आने वाले समय में दिल्ली-मुंबई फ्रेट कॉरिडोर के मारवाड़ जंक्शन-रोहट-जोधपुर नोड का कायाकल्प होगा व प्रदेश के औद्योगीकरण में यह क्षेत्र महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस क्षेत्र के नज़दीक ही रिफाइनरी के आने से रोज़गार को बढ़ावा मिलेगा।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना’के माध्यम से आमजन को महँगे इलाज की चिंता से मुक्ति मिली है। राजस्थान में लगभग 90 प्रतिशत परिवार हेल्थ इन्श्योरेंस के अंतर्गत आते हैं, जबकि इसका राष्ट्रीय औसत केवल 41 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में अब तक लगभग 28 लाख परिवारों को लगभग 3,177 करोड़ रुपए से अधिक का नि:शुल्क इलाज दिया गया है।
- चिरंजीवी बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपए तक के नि:शुल्क इलाज के साथ ही लीवर ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, कोक्लियर इम्प्लांट जैसे जटिल उपचारों में 10 लाख रुपए की सीमा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा 5 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा भी दिया जा रहा है।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश आज मॉडल स्टेट बनकर उभर रहा है। मात्र 8 रुपए में पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने के लिये इंदिरा रसोई योजना, शहरी बेरोज़गारों को रोज़गार देने के लिये इंदिरा गांधी शहरी रोज़गार गारंटी योजना, ब्याजमुक्त ऋण के लिये इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट योजना, आर्थिक रूप से कमज़ोर विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग के लिये मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना, प्रदेश के विद्यार्थियों को विदेश में नि:शुल्क पढ़ाई के लिये राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस सहित कई महत्त्वपूर्ण योजनाएँ चलाई जा रही हैं।
- मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान कार्यकाल में अब तक 1 लाख 25 हज़ार से अधिक सरकारी नौकरियाँ दी जा चुकी हैं। लगभग इतने ही सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा 1 लाख सरकारी नौकरियों के लिये भर्ती की घोषणा की जा चुकी है।
- निजी क्षेत्र में भी रोज़गार सृजित करने के लिये सरकार लगातार कार्य कर रही है। हाल ही में जयपुर एवं जोधपुर में जॉब फेयर का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के युवाओं को अच्छे पैकेज पर नौकरियाँ मिलीं। इन्वेस्ट राजस्थान समिट में लगभग 11 लाख करोड़ रुपए के एमओयू साइन होने के बाद बृहद् स्तर पर राज्य में रोज़गार सृजित होंगे।
बांसवाड़ा-नाथद्वारा, राजसमंद, बाड़मेर और उदयपुर बेल्ट में खनिज खोज का व्यापक एक्सप्लोरेशन कार्यक्रम
22 नवंबर, 2022 को राजस्थान के माइंस, पेट्रोलियम एवं जलदाय के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि राज्य के बाँसवाड़ा-नाथद्वारा बेल्ट, राजसमंद बेल्ट, बाड़मेर और उदयपुर बेल्ट में राजस्थान राज्य खनिज अन्वेषण ट्रस्ट (आरएसएमईटी)के वित्तीय सहयोग से खनिज खोज का व्यापक एक्सप्लोरेशन कार्यक्रम चलाया जाएगा।
- डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि आरंभिक सर्वेक्षणों के अनुसार राज्य के बाँसवाड़ा-नाथद्वारा बेल्ट में खनिज गोल्ड (सोने) के भंडार संभावित हैं, वहीं राजसमंद बेल्ट में खनिज एमरल्ड, बाड़मेर बेल्ट में खनिज रेयर अर्थ एलिमेंट्स और उदयपुर में खनिज फास्फेट के भंडार चिह्नित किये गए हैं।
- उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में आरएसएमईटी के सहयोग से एक्सटेंसिव एक्सप्लोरेशन कार्यक्रम चलाने का निर्णय किया गया है, ताकि इन क्षेत्रों में खनिजों के भंडार की उपलब्धता, गुणवत्ता आदि का आंकलन किया जा सके, ताकि उपलब्ध भंडारों के आधार पर ब्लॉक्स का निर्माण कर ई नीलामी की जा सके।
- उन्होंने बताया कि राज्य में चरणबद्ध तरीके से खनिज एक्सप्लोरेशन कार्य को गति दी जाएगी और प्राप्त रिपोर्ट्स के अनुसार खनिज ब्लॉक्स तैयार कर नीलाम किये जाएंगे, ताकि राज्य में उपलब्ध खनिज संपदा के खोज और खनन कार्य को गति दी जा सके। इससे प्रदेश में खनिज क्षेत्र में अधिक निवेश, अधिक रोज़गार के अवसर और अधिक राजस्व प्राप्त होने के साथ ही वैश्विक पहचान बन सकेगी।
- निदेशक माइंस संदेश नायक ने बताया कि राज्य में खनिज ब्लॉकों के ऑक्शन कार्य में तेज़ी आई है। पिछले दिनों मेजर मिनरल के क्षेत्र में नागौर और जैसलमेर में लाईमस्टोन के दो ब्लॉकों की ई नीलामी की गई है।
- आरएसएमईटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एनपी सिंह ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा राज्य में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता में सहयोग दिया जा रहा है। इसके अलावा ड्रिलिंग कार्य में तेज़ी लाने के साथ ही प्राप्त सैंपल का समय पर परीक्षण करवाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
Related Post
राजस्थान समसामयिकी अक्टूबर 2022